युवा भारत साधु समाज नेपाल भेजेगा राहत, संतों ने नेपाल त्रासदी पर जताया शोक
हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। गरीबदासीय आश्रम में युवा भारत साधु समाज और षड़दर्शन साधु समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नेपाल त्रासदी में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। संतों ने जल्द ही नेपाल के लिए राहत सामग्री भेजने का निर्णय लिया।
अध्यक्ष शिवम महंत और महामंत्री स्वामी रवि देव शास्त्री ने कहा कि नेपाल त्रासदी भयंकर है, इसमें हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ भारत और अन्य देशों के लोग भी शामिल हैं। युवा भारत साधु समाज जल्द ही नेपाल के लिए खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान भेजेगा।
संत जगजीत सिंह शास्त्री और स्वामी विष्णुदास ने कहा कि नेपाल हमारा पड़ोसी और मित्र देश है, जिसके साथ रोटी-बेटी का नाता है। उन्होंने भारत सरकार की मदद की सराहना की और संत समाज से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा में जान-माल की भारी हानि होती है और पुनर्स्थापना में वर्षों लग जाते हैं।
स्वामी दिनेश दास और डॉ. स्वामी हरिहरानंद ने कहा कि उत्तराखंड में भी लगातार आपदाएं आती हैं, इसलिए यहां के लोग नेपाल का दर्द अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने सरकार और सामाजिक संस्थाओं से नेपाल को हर संभव मदद देने की अपील की।
बैठक में विनोद महाराज, स्वामी गोविंद दास, महंत देवानंद, महंत गुरमीत सिंह सहित कई संत मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

