राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी में शुरू हुआ स्टार्टअप बूट कैंप
पौड़ी गढ़वाल, 26 नवंबर (हि.स.)।उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद, गुजरात के सहयोग से राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी में स्थापित देवभूमि उद्यमिता विकास केंद्र के तत्वावधान में तीन दिवसीय आवासीय स्टार्टअप बूट कैंप का शुभारंभ हो गया।
प्रशिक्षण शिविर में पौड़ी जिले के राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी, राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण, राजकीय महाविद्यालय सतपुली, राजकीय महाविद्यालय उफ्रेखाल, राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल, राजकीय महाविद्यालय पोखड़ा एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार सहित आठ राजकीय महाविद्यालयों के पंजीकृत 60 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के स्थान पर रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनाने तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित नए स्टार्टअप विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
गुरुवार को कैंप का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए केवल सरकारी नौकरी पर निर्भर रहने के स्थान पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में भी संभावनाएं तलाशना आवश्यक है।
युवाओं में नवाचार, रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करके ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उद्यम स्थापित करने की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया। देवभूमि उद्यमिता योजना के संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने बताया कि इस तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति रुचि विकसित करना, नए व्यावसायिक विचारों को प्रोत्साहित करना और उन्हें स्टार्टअप स्थापित करने की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का देवभूमि उद्यमिता विकास केंद्र युवाओं को उद्यम स्थापना एवं स्वरोजगार के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। देवभूमि उद्यमिता योजना के पौड़ी जिला समंवयक डॉ. देवेंद्र ने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों, स्थानीय उत्पादों, कृषि, बागवानी, पर्यटन एवं पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उद्यमों की अपार संभावनाएं हैं। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद से आए विषय विशेषज्ञ एवं फैकल्टी डॉ. रजत शर्मा ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप की अवधारणा, ग्रुप डिस्कशन, व्यावसायिक विचारों की पहचान, उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, बाजार की मांग, बिजनेस मॉडल तैयार करने, वित्तीय प्रबंधन एवं सरकारी योजनाओं के माध्यम से उद्यमों को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कहा कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए केवल विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस विचार को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास, उचित योजना, नवाचार एवं जोखिम उठाने की क्षमता भी आवश्यक है। देवभूमि उद्यमिता योजना के टिहरी जिला समंवयक दिग्विजय सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के पास स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान, कृषि, जड़ी-बूटियों, पर्यटन एवं स्थानीय उत्पादों पर आधारित स्टार्टअप स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं देवभूमि उद्यमिता योजना के फैकल्टी मेंटर डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि इस प्रकार के आवासीय स्टार्टअप बूट कैंप युवाओं के भीतर छिपी उद्यमशील प्रतिभा को पहचानने एवं उसे विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने, आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में प्रेरित करेंगे। इस मौके पर डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. कामिका चौधरी, डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. पूजा बर्धन आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

