युवा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करें, नशे से दूर रहकर आधुनिकता के साथ संस्कृति को अपनाएं : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
युवा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करें, नशे से दूर रहकर आधुनिकता के साथ संस्कृति को अपनाएं : राज्यपाल


युवा राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करें, नशे से दूर रहकर आधुनिकता के साथ संस्कृति को अपनाएं : राज्यपाल


- विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका होगी निर्णायक

देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने और आधुनिकता एवं तकनीक को अपनाते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे से दूर रखकर सकारात्मक कार्यों में लगाएं। स्वस्थ, संयमित और अनुशासित युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

राज्यपाल ने शुक्रवार को लोक भवन के प्रेक्षागृह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि उनकी जिज्ञासाओं में ज्ञान की ललक, भविष्य के प्रति आशाएं और समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ करने का संकल्प दिखाई देता है। यही युवा पीढ़ी की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चेतना का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है। इसका अर्थ परिवार और व्यक्तिगत दायित्वों की उपेक्षा करना नहीं, बल्कि अपने प्रत्येक प्रयास और उपलब्धि को राष्ट्रहित से जोड़ना है। विद्यार्थी का निष्ठापूर्वक अध्ययन, वैज्ञानिक का अनुसंधान, सैनिक का सीमाओं की रक्षा करना, चिकित्सक की सेवा और उद्यमी का रोजगार सृजन भी राष्ट्रसेवा के ही स्वरूप हैं। सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, संवेदनशीलता और आत्मसंयम जैसे गुण व्यक्ति को श्रेष्ठ बनाते हैं।

राज्यपाल ने युवाओं से नागरिक उत्तरदायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और सुविधाएं सामूहिक धरोहर हैं। उनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ और ऊर्जावान होना आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। योग, खेल, व्यायाम, ध्यान, साहित्य और अच्छी संगति को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं का शरीर और प्रतिभा राष्ट्र की अमानत हैं।

डॉ. बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिकता और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार हो रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कौशल भारत, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और मेरा युवा भारत जैसी पहल शिक्षा, कौशल, नवाचार, उद्यमिता और नेतृत्व के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल राष्ट्रीय लक्ष्य नहीं, बल्कि आज की युवा पीढ़ी के पुरुषार्थ, प्रतिभा और संकल्प से जुड़ा ऐतिहासिक दायित्व है। इसकी प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन और गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राज्यपाल के विधि सलाहकार धनंजय चतुर्वेदी, अपर सचिव रीना जोशी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्राध्यापक, शिक्षाविद और युवा प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story