युवाओं को अवसरों और अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए: प्रमोद

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को अवसरों और अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए: प्रमोद


हरिद्वार, 18 अगस्त (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में ‘युवा संवाद, अवसर एवं अधिकार’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा के प्रशिक्षु अध्यापकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांडेय ने कहा कि कुशल और जागरूक व्यक्ति ही समाज का बेहतर नेतृत्व कर सकता है। युवाओं की पहचान उनकी सही दिशा में आगे बढ़ने की क्षमता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने से होती है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा ने तकनीकी प्रयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समावेश के कारण अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

स्वस्थ जीवन के मूल मंत्रों पर चर्चा करते हुए श्री पांडेय ने कहा कि कर्तव्य व्यक्ति को ईमानदार, अनुशासित और जागरूक बने रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से युवाओं और खिलाड़ियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा उनसे मिलने वाली वित्तीय सहायता और रोजगार संबंधी सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्रों के सवालों के जवाब देकर उनकी समस्याओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. शिवकुमार चौहान ने कहा कि युवाओं को अपनी गति और मति का प्रयोग रचनात्मक एवं क्रियात्मक दोनों क्षेत्रों में करना चाहिए। इससे वे विकास और प्रगति की दौड़ में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं।

विभाग के प्रभारी डॉ. अजय मलिक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी मुकेश भट्ट, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. प्रदीप कुमार, जनसंपर्क अनुभाग से कुलभूषण शर्मा, दुष्यंत सिंह राणा, अश्वनी कुमार, मनोज कुमार, शोधार्थी दिवाकर, रविंद्र परमार सहित एमपीएड, बीपीएड एवं बीपीईएस के प्रशिक्षु छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिवकुमार चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story