पुल पर रील बनाना पड़ा भारी

WhatsApp Channel Join Now
पुल पर रील बनाना पड़ा भारी


हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। धनौरी स्थित तिरछा पुल के बीच सड़क पर गाड़ी रोककर वीडियो बना रहे युवकों के खिलाफ पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि युवक पुल के बीच वाहन खड़ा कर रील बना रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलने पर धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों को कड़ी फटकार लगाई।

पुलिस ने युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि सड़क कोई स्टूडियो नहीं है और इस तरह की लापरवाही खुद के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकती है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय यातायात नियमों की अनदेखी न करें और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story