चंपावत में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now
चंपावत में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


चंपावत में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


चंपावत, 05 मार्च (हि.स.)। चंपावत के भैरवां टैक्सी स्टैंड के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान उमेश जोशी उर्फ सोनू (34) पुत्र हेमचंद्र जोशी, निवासी ग्राम चनई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इन दिनों भैरवां टैक्सी स्टैंड के पास ढकना बडोला रोड पर रह रहा था। जानकारी के अनुसार किसी परिचित व्यक्ति ने उसे टैक्सी स्टैंड के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।

सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

उधर, युवक की अचानक मौत से परिजनों में गहरा शोक है। मृतक के पिता हेमचंद्र जोशी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story