युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला, पांच पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now
युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला, पांच पर मुकदमा


हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर बेल्ट और चाकुओं से किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बुधवार को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला झाड़ान निवासी शादाब का कुछ दिन पहले पीठ बाजार निवासी अबूजर से विवाद हो गया था। परिजनों के मुताबिक, बाद में समझौते का झांसा देकर शादाब को बाहर बुलाया गया। आरोप है कि फरहान, अबूजर, हारिश, शाहरुख और बेलन उसे अपने साथ सराय रोड स्थित एक गली में ले गए और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि मारपीट के दौरान शादाब पर बेल्ट व चाकुओ से हमला किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।

तहरीर के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने अबूजर, फरहान, हारिश, बेलन और शाहरुख के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी क्राइम हरिद्वार निशा यादव ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story