यंग तपस्वी कार्यक्रम से बच्चों के समग्र विकास पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
यंग तपस्वी कार्यक्रम से बच्चों के समग्र विकास पर जोर


यंग तपस्वी कार्यक्रम से बच्चों के समग्र विकास पर जोर


देहरादून, 16 जून (हि.स.)। मिसरा पट्टी स्थित ॐ कल्याणम वेलनेस सेंटर में आयोजित ‘यंग तपस्वी’ प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार बच्चों और युवाओं के शारीरिक,मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास पर बल दिया गया। आयोजकों ने इसे नई पीढ़ी के समग्र कल्याण और व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

आज शाम आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी क्रांति और डिजिटल जीवनशैली के इस दौर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य,भावनात्मक संतुलन और सामाजिक व्यवहार के समक्ष नई चुनौतियां उभर रही हैं। ऐसे में केवल औपचारिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।

ॐ कल्याणम से जुड़े सचिन त्यागी ने कहा कि ‘यंग तपस्वी’ का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक कौशल, शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, भावनात्मक संतुलन, नेतृत्व क्षमता और आध्यात्मिक चेतना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि संस्था का मानना है कि व्यक्ति का आंतरिक विकास ही समाज और राष्ट्र के स्थायी विकास की आधारशिला है।

कार्यक्रम में राहुल सिंह पंवार ने बताया कि ‘यंग तपस्वी’ अब राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। शिविर में विभिन्न राज्यों से बच्चों ने भाग लिया, जबकि प्रशिक्षण के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से अनुभवी प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम बच्चों को उनकी आंतरिक क्षमताओं से परिचित कराने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन के प्रति संतुलित दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास है।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योग, ध्यान, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, संवाद कला, आत्मअनुशासन तथा भावनात्मक प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए तैयार करना है।

आयोजकों ने कहा कि देश का भविष्य केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति से नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, मानसिक स्वास्थ्य और मानवीय संवेदनाओं से युक्त जागरूक नागरिकों के निर्माण से सशक्त होगा। इसी सोच के साथ ‘यंग तपस्वी’ कार्यक्रम नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story