योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now


पौड़ी गढ़वाल, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी में उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम, रांसी में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ धन सिंह रावत, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कोटद्वार के जीआईसी में ऋतु खंडूरी भूषण की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ, जबकि लक्ष्मण झूला स्थित वेद निकेतन में विधायक रेनू बिष्ट की मौजूदगी में योगाभ्यास कराया गया।

योग सत्रों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान किया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया और नरेंद्र मोदी के संबोधन को भी सुना।

इस अवसर पर धन सिंह रावत ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसे अपना रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि योग तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग करने और इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story