पांच गांवों में योग शिविरों का यज्ञ के साथ समापन,श

WhatsApp Channel Join Now
पांच गांवों में योग शिविरों का यज्ञ के साथ समापन,श


हरिद्वार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के योगमय जीवन के मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पतंजलि विश्वविद्यालय की ओर से बहादराबाद क्षेत्र के पांच गांवों में आयोजित चार दिवसीय निःशुल्क योग शिविरों का शनिवार को यज्ञ और मंत्रोच्चार के साथ समापन हो गया।

15 से 18 अक्टूबर तक चले इस अभियान में ग्रामीणों को योग, प्राणायाम, एक्यूप्रेशर, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया।

साध्वी डॉ. देवप्रिया की प्रेरणा और स्वामी आर्षदेव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविरों का उद्देश्य भारतीय ऋषि परंपरा के स्वास्थ्य ज्ञान को ग्रामीणों तक पहुंचाना रहा।

शिविर खेड़ली के आदर्श इंटर कॉलेज, बहादराबाद की वात्सल्य वाटिका, अहमदपुर के नए पंचायत भवन, बोंगला के आर्य इंटर कॉलेज और रुहालकी के आर्य समाज मंदिर में लगाए गए। पतंजलि विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को योगासनों का अभ्यास कराया और प्राणायाम की सही विधि, एक्यूप्रेशर के बिंदु और आयुर्वेद की उपयोगिता की जानकारी दी।

शिविरों के संचालन में प्रियंका, शिवांशी, आईना, ईश्वरी, भक्ति, स्नेहा, अभिषेक, जतिन, अनन्या और हरि सहित स्थानीय सहयोगियों सुशील चौहान, अमित राज चौहान, सुमित मंत्री, योगेश चौहान और बसंत का योगदान रहा। आयोजन में योग विज्ञान विभाग के डीन प्रो. डॉ. कृष्णन चांडक, समन्वयक डॉ. आरती पाल सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।

समापन पर ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुतियां देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story