विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर रैली और नुक्कड़ नाटक से जागरूकता का संदेश
हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के भेषज विज्ञान विभाग में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, फार्मा क्विज और पोस्टर प्रस्तुति समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष दिवस की वैश्विक थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रही।
जागरूकता रैली भेषज विज्ञान विभाग से शुरू होकर विश्वविद्यालय, सिंहद्वार होते हुए गुरुकुल फार्मेसी पहुंची। छात्रों ने पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह दवा का सेवन नहीं करने तथा एंटीबायोटिक्स के अनावश्यक और अत्यधिक इस्तेमाल से बचने का संदेश दिया। छात्रों ने बताया कि एंटीबायोटिक्स के अनुचित इस्तेमाल से रोगाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सकती है, जिससे संक्रमण का उपचार कठिन हो जाता है।
विभिन्न चौराहों पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, दवाओं के सुरक्षित उपयोग, एंटीबायोटिक्स के दुरुपयोग और मल्टी ड्रग रेजिस्टेंस जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद छात्रों ने गुरुकुल कांगड़ी फार्मेसी का भ्रमण किया। वरिष्ठ केमिस्ट जितेंद्र कुमार पांडेय ने उन्हें फार्मेसी की विभिन्न इकाइयों की जानकारी दी।
विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. सत्येंद्र कुमार राजपूत ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. विनोद नौटियाल, डॉ. कपिल कुमार गोयल, डॉ. नितिन कुमार विश्नोई, नीरज कुमार, ओमप्रकाश, डॉ. रविंद्र कांबोज और बलवंत सिंह रावत ने किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पीयूष सिंघल ने बताया कि करीब 200 छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। पोस्टर प्रतियोगिता में भव्य एवं दुर्लभ चौहान प्रथम, हर्मन प्रीत सिंह एवं ग्रुप द्वितीय तथा आदित्य चौहान एवं ग्रुप तृतीय रहे। फार्मा क्विज में वंश कुमार और दुर्लभ चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा और कुलसचिव डॉ. सत्यदेव निगमालंकार ने शुभकामनाएं दीं। पद्मश्री डॉ. संतोष यादव ने दूरभाष के माध्यम से छात्रों को संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

