मुख स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही से बढ़ रहा ओरल कैंसर का खतरा: डा. शशांक उनियाल
पौड़ी गढ़वाल, 20 मार्च (हि.स.)। वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय स्थित एनसीडी क्लीनिक के दंत विभाग में स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दंत शल्यकों ने लोगों की मुख जांच कर “स्वस्थ मुंह और खुशहाल जीवन” विषय पर जागरूकता प्रदान की।
कार्यक्रम में दंत शल्यक डा. शशांक उनियाल ने कहा कि अधिकांश लोग दांत और मुंह से संबंधित समस्याएं बढ़ने के बाद ही चिकित्सक के पास पहुंचते हैं, जबकि समय पर जांच न कराने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही ओरल कैंसर का कारण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि मुंह में दो सप्ताह से अधिक समय तक रहने वाले छाले, सफेद या लाल पैच, मसूड़ों से खून आना, कान में दर्द, मुंह कम खुलना, निगलने में कठिनाई या आवाज में बदलाव जैसे लक्षण ओरल कैंसर के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने बीड़ी, तंबाकू, सिगरेट, खैनी और गुटखा जैसे नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जनपद में ओरल हेल्थ जागरूकता माह की शुरुआत हो चुकी है, जो 20 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर स्कूलों, कॉलेजों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम एवं दंत स्क्रीनिंग अभियान संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डेंटल हाइजिनिस्ट राखी, सिद्धार्थ, प्रीती सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

