विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा में छोड़े गए मत्स्य बीज, कामधेनु लोक में किया पौधारोपण

WhatsApp Channel Join Now
विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा में छोड़े गए मत्स्य बीज, कामधेनु लोक में किया पौधारोपण


हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग की ओर से कामधेनु घाट पर गंगा नदी में मत्स्य बीज संचयन किया गया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कामधेनु लोक में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखना और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना रहा।

कार्यक्रम में निदेशक मत्स्य विभाग उत्तराखंड सीएस धर्मशक्तु, उपनिदेशक प्रमोद कुमार शुक्ल और गढ़वाल मंडल की उपनिदेशक अल्पना हल्दिया मौजूद रहे। सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने गंगा की मुख्य धारा में मत्स्य बीज छोड़े और कामधेनु लोक में पौधारोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन नदी के प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे जलीय जैव विविधता के संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के माध्यम से गंगा के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story