जागरूकता कार्यक्रम में उपभोक्ता अधिकारों व मिलावट रोकने पर जोर
देहरादून, 15 मार्च (हि.स.)। विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन की ओर से रविवार को उपभोक्ता अधिकारों और जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उपभोक्ताओं के अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं के चयन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व उत्तराखंड के डिप्टी ड्रग कंट्रोलर सुधीर कुमार ने कहा कि राज्य का औषधि नियंत्रण विभाग नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। विभाग का प्रयास रहता है कि बाजार में उपलब्ध दवाइयां और स्वास्थ्य से जुड़ी वस्तुएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। इसके लिए दवा निर्माण इकाइयों,मेडिकल स्टोर्स और वितरण केंद्रों की नियमित निगरानी की जाती है,ताकि नकली,मिलावटी या निम्न गुणवत्ता वाली दवाओं को बाजार में आने से रोका जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि दवा खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट, बैच नंबर, निर्माता कंपनी और लाइसेंस संबंधी जानकारी अवश्य जांचें। किसी भी संदिग्ध दवा या उत्पाद की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और सोसाइटी फॉर पब्लिक एंड एनवायरनमेंटल कंसर्न फॉर साइंस (विशेष विवरण) के अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा ने कहा कि मिलावट आज उपभोक्ताओं के सामने गंभीर चुनौती बन चुकी है। खाद्य पदार्थों, दूध,मसालों, तेल और मिठाइयों सहित कई दैनिक उपयोग की वस्तुओं में मिलावट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है और घर पर किए जाने वाले सरल परीक्षणों से कई खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच भी संभव है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के मोहन खत्री ने विश्व उपभोक्ता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों को सुरक्षित करने के लिए जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदीप कुकरेती ने कहा कि तेजी से विस्तार करते बाजार के दौर में उपभोक्ताओं को अधिक सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
दून रेजिडेंट वेलफेयर फ्रंट के देवेंद्रपाल सिंह मोंटी ने कहा कि उपभोक्ता को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। स्पेक्स के हरी राज सिंह ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने की अपील की।
दून सिटीजन फोरम के जगमोहन मेहंदीरत्ता और संयुक्त नागरिक संगठन के दिनेश भंडारी ने कहा कि समाज में जागरूकता का वातावरण बनाकर ही उपभोक्ता सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ.बृज मोहन शर्मा और सहायक आयुक्त फूड सेफ्टी सुधीर कुमार को वेस्ट वारियर्स संस्था के नवीन कुमार सडाना और समाजसेवी ताराचंद गुप्ता ने अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा महानिदेशक महावीर सिंह बिष्ट,पर्यावरणविद जगदीश बावला,विनोद नौटियाल,केशव उनियाल, पूरण सिंह लिंगवाल, राधा तिवारी, राजेश्वरी रावत, संगीता रावत, प्रभात डंडरियाल, मनोज नौटियाल, हरी सिंह मेहर सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

