साइकिल से जीती जा सकती है जलवायु परिवर्तन के खिलाफ जंग : बघेल

WhatsApp Channel Join Now
साइकिल से जीती जा सकती है जलवायु परिवर्तन के खिलाफ जंग : बघेल


हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। ट्री ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष ग्रीन मैन विजय पाल बघेल ने विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल से हरिद्वार नगर की परिक्रमा की। उन्होंने कहा जलवायु परिवर्तन की वैश्विक समस्या के खिलाफ जंग को यदि जीतना है तो साइकिल युग की वापिसी लानी होगी।

साइकिल की सवारी स्थानीय परिवहन का प्रमुख ईको फ्रैंडली साधन, आर्थिक रूप से कम खर्चीली तथा स्वास्थ्यकर होने के साथ कार्बन उत्सर्जन शून्य है। स्थानीय यातायात के लिए दशकों से साइकिल का उपयोग करने वाले हरितऋषि डॉ0 विजयपाल बघेल ने बुधवार को विश्व साईकिल दिवस पर साइकिल द्वारा हरिद्वार परिक्रमा करके साइकिल का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की।

बघेल ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तेल बचाने की देशवासियों से की गई अपील का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा अगर यातायात के लिए साइकिल के प्रयोग को प्राथमिकता नहीं दी तो वर्ष 2030 तक 2 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे से ग्लेशियर पिघलने की गति बढ़ेगी, जल संसाधन विलुप्त होंगे, समुद्र तल बढ़ेगा, पृथ्वी आग उगलेगी, वानिकी संपदा नष्ट हो जाएगी, जैव विविधता पर भारी संकट आने के साथ पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का विध्वंस हो जायेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा अगर नही मने तो वो दिन दूर नहीं जिस दिन ऑक्सीजन का सिलेंडर हमेशा साथ रखना जरूरी हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story