मनोविज्ञान के चार प्रोफेशनल कोर्स की दी जानकारी, छात्राओं को बताए कौशल विकास के तरीके

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल परिसर में मनोविज्ञान विभाग की ओर से प्रोफेशनल दक्षता बढ़ाने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों पर कार्यशाला आयोजित की गई। अतिथि व्याख्याता सिद्धांत चौधरी ने छात्राओं को मनोविज्ञान से जुड़े चार प्रमुख प्रोफेशनल कोर्स की जानकारी दी। कार्यशाला में स्नातक एवं परास्नातक की 40 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

सिद्धांत चौधरी ने बताया कि भारत सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन के ऑनलाइन पाठ्यक्रम व्यावहारिक ज्ञान और प्रमाणित कौशल हासिल करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने परामर्श दक्षता, प्राथमिक मनोवैज्ञानिक सहायता, शोध में नैतिकता एवं सांख्यिकी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से संबंधित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्वयं और एनआईटीटीटीआर का आठ सप्ताह का पाठ्यक्रम सीखने की प्रक्रिया, प्रेरणा और परामर्श कौशल पर केंद्रित है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन के पाठ्यक्रम से मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहायता में दक्षता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने मनोवैज्ञानिक अनुसंधान और परामर्श में नैतिकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके नियम मानव गरिमा, अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा करते हैं। इस विषय में एपीए और आईसीएमआर के पाठ्यक्रम उपयोगी हैं।

कार्यशाला में एआई के मनोविज्ञान में उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही कार्नेगी मेलन विश्वविद्यालय के निःशुल्क पाठ्यक्रम इंट्रोडक्शन टू साइकोलॉजी की जानकारी दी गई। कार्यशाला का आयोजन डॉ. सुनीता रानी और डॉ. ऋचा सक्सेना ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story