फतवा में श्रमिक कल्याण शिविर का शुभारंभ, स्वास्थ्य जांच और अध्ययन सामग्री वितरित

WhatsApp Channel Join Now
फतवा में श्रमिक कल्याण शिविर का शुभारंभ, स्वास्थ्य जांच और अध्ययन सामग्री वितरित


हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। लक्सर के फतवा गांव में बुधवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए विशेष श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने किया। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

शिविर में पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रमिकों के बच्चों को कॉपी, पेन सहित अध्ययन सामग्री की किट वितरित की गई, जबकि महिलाओं को हाइजीन किट प्रदान की गई। इसके साथ ही श्रमिकों एवं उनके परिजनों के लिए 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच निःशुल्क कराई गई।

सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने बताया कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि बोर्ड में पंजीकृत श्रमिक शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता संबंधी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान बुधवार से शुरू हुआ है और अगले चरण में ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी कुमारी मीनाक्षी भट्ट ने कहा कि प्रत्येक पात्र श्रमिक तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य जांच, महिलाओं को हाइजीन किट तथा श्रमिकों के बच्चों को अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों, गरीबों और किसानों के हित में लगातार योजनाएं लागू कर रही है। इन योजनाओं से श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रमिक परिवार को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कुमारी मीनाक्षी भट्ट, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेन्द्र कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामपाल, पूर्व प्रधान पंकज भाटी, पूर्व प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सुमित भाटी, अमित प्रधान, अमरजीत, गुलाब सिंह, सरजीत, पंकज मुण्डेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story