भीमताल में निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल से मलबा गिरा, दो श्रमिकों की मौत, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
भीमताल में निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल से मलबा गिरा, दो श्रमिकों की मौत, एक घायल


नैनीताल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के निकट भीमताल के मेहरागांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घटना गुरुवार की देर रात्रि हुई। पुलिस ने निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नैनीातल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। सूचना पर भीमताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान नैनीताल के पुलिस अधीक्षक-अपराध व यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, भवाली की क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी और भीमताल के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रमिक रिटेनिंग वॉल का निर्माण कर रहे थे। तभी दीवार का आधार तैयार करने के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिक दब गये। घटना में गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र निवासी संजय नगर लालकुआं, वर्तमान निवासी निसौला भीमताल और हरीश थापा (18) पुत्र दीपक थापा की मौत हो गई। घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गये हैं। घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल पहुंचाया गया है। सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस घटना के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story