रोडवेज कर्मचारियों का 24 घंटे कार्य बहिष्कार, संचालन पर असर की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
रोडवेज कर्मचारियों का 24 घंटे कार्य बहिष्कार, संचालन पर असर की आशंका


हरिद्वार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने शुक्रवार को 24 घंटे का कार्य बहिष्कार किया। इससे प्रदेशभर में रोडवेज बसों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका रही। हालांकि, हरिद्वार डिपो में बसों की आवाजाही पर ज्यादा असर देखने को नहीं मिला।

हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक विशाल चंद्रा ने बताया कि कार्य बहिष्कार में एक यूनियन शामिल है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस अड्डे से संचालन की आवश्यक व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

समान काम-समान वेतन समेत कई मांगें

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संविदा, विशेष श्रेणी और एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन देना, बकाया भुगतान करना और प्रत्येक माह सात तारीख से पहले वेतन जारी करना शामिल है। इसके अलावा रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल करने और कर्मचारियों की अन्य समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उठाई गई है।

30 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 30 अक्टूबर को सुबह छह बजे से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। ऐसे में मांगों पर सहमति नहीं बनने की स्थिति में रोडवेज बस सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story