महिला अपराधों पर कांग्रेस ने धामी सरकार को घेरा, दो दिन में गिरफ्तारी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
महिला अपराधों पर कांग्रेस ने धामी सरकार को घेरा, दो दिन में गिरफ्तारी की मांग


देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और राजधानी देहरादून में लगातार हो रही हत्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल साबित हुई है। कांग्रेस ने प्रेमनगर में महिला की हत्या के मामले में दो दिन के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि देहरादून में पिछले एक माह के दौरान हत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे राजधानी में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा के सरकारी दावे केवल विज्ञापनों और भाषणों तक सीमित हैं।

पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं घरों के भीतर और बाहर सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। प्रेमनगर में महिला की हत्या की घटना कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने दावा किया कि पिछले चार-पांच वर्षों में दुष्कर्म की 1,822 घटनाएं हुईं और 318 अज्ञात महिलाओं के शव मिले, जिनमें से केवल 87 की पहचान हो सकी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में 10,500 महिलाएं लापता हुईं, जिनमें 767 अब भी लापता हैं।

प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने राजपुर में मदन राणा की हत्या, रायपुर में गौरव बागड़ी की हत्या, डालनवाला में किशोर अर्श अंसारी की मौत और प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में युवती का शव मिलने की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में सरकार गंभीरता दिखाए। कांग्रेस नेताओं ने प्रेमनगर हत्याकांड के आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, अज्ञात युवती की पहचान और अर्श अंसारी की मौत के मामले में वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story