गंगा में बहकर टापू पर फंसी हरियाणा की महिला, जल पुलिस ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में बहकर टापू पर फंसी हरियाणा की महिला, जल पुलिस ने किया रेस्क्यू


हरिद्वार, 07 जून (हि.स.)। तीर्थनगरी के कनखल क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसी एक महिला को हरिद्वार पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात श्री कृष्णा आश्रम, संन्यास रोड से सूचना मिली कि आश्रम के पीछे गंगा नदी के पार स्थित एक टापू पर एक महिला फंसी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गंगा नदी में जलस्तर और बहाव अधिक होने के कारण महिला तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था।

ऐसे में जल पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। जल पुलिस के जवानों ने नाव के माध्यम से नदी पार कर टापू तक पहुंचकर महिला का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम मैमवती (55 वर्ष) पत्नी लखन, निवासी गैहरब, जिला पलवल (हरियाणा) बताया। वह गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर टापू तक पहुंच गई थी और वहीं फंस गई थी। पुलिस महिला के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की सूचना दे दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story