फूलों की खेती से जोशीमठ की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल,56 पैकेट बीज वितरित
-जोशीमठ की महिलाओं को फूलों की खेती से मिलेगा स्वरोजगार, ज्योतिर्मठ, 24 अगस्त (हि.स.)। जोशीमठ क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से फूलों की खेती को बढ़ावा देने की पहल शुरू की गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के प्रयासों से उद्यान विभाग के सहयोग से महिलाओं को प्रशिक्षण देने के बाद सोमवार को फूलों के 56 पैकेट बीज के पैकेट वितरित किए गए।
इस पहल के तहत ऋषि प्रसाद सती ने जिलाधिकारी से वार्ता कर जोशीमठ क्षेत्र की महिलाओं को फूलों की खेती के लिए प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का विषय रखा था। इसके बाद जिला उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में महिलाओं को फूलों की खेती की तकनीक, पौधों की देखभाल, उत्पादन, गुणवत्ता, विपणन और संभावित आय के संबंध में जानकारी दी गई।
नगर पालिका क्षेत्र के फेडरेशन समूह से करीब 400 महिलाएं जुड़ी हैं और इसके अंतर्गत लगभग 40 स्वयं सहायता समूह संचालित हो रहे हैं। फेडरेशन समूह की अध्यक्ष अनीता पवार और सचिव सुमेधा भट्ट के समन्वय से महिलाओं को इस पहल से जोड़ा जा रहा है। प्रथम चरण में 56 पैकेट वितरित किए गए हैं। आगे अन्य समूहों को भी चरणबद्ध तरीके से सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष सती ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण के साथ आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी जरूरी है। फूलों की खेती के माध्यम से महिलाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और आय का साधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संबंधित विभागों के सहयोग से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और फूलों की खेती को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रहेंगे।
ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक सोमेश भंडारी ने बताया कि नगर क्षेत्र की महिलाओं को फूलों की खेती का प्रशिक्षण दिया गया था। इसी क्रम में सोमवार को उन्हें फूलों के बीज वितरित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

