बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस के आरोप भ्रामक, मातृशक्ति के सशक्तिकरण से विपक्ष परेशान : रुचि भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस के आरोप भ्रामक, मातृशक्ति के सशक्तिकरण से विपक्ष परेशान : रुचि भट्ट


देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने ‘बैणी-भुली’ योजना को लेकर कांग्रेस के प्रचार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन की पहल का विरोध कर कांग्रेस अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस योजना को ‘चुनावी रेवड़ी’ और ‘ठग योजना’ बताकर महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता के खिलाफ माहौल बना रही है। भट्ट ने कहा कि मनगढ़ंत दावों और भ्रामक ग्राफिक्स के जरिए समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा नेत्री ने कहा कि पहाड़ की संस्कृति में ‘बैणी’ आत्मीयता और सम्मान का प्रतीक है, लेकिन कांग्रेस इसे भी राजनीतिक प्रचार का विषय बना रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को भी महिलाओं को समान अधिकार और संवैधानिक संरक्षण देने वाला कदम बताया।

रुचि भट्ट ने दावा किया कि लखपति दीदी योजना से प्रदेश की 3.5 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। नंदा गौरा योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उनके अनुसार, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अब तक 145 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक अनुदान और पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, ड्रोन सखी प्रशिक्षण तथा बालिका छात्रावासों के निर्माण को महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयास बताया।

रुचि भट्ट ने कहा कि आंतरिक कलह और गुटबाजी से जूझ रही पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर सवाल उठाने के बजाय अपने संगठन पर ध्यान दे। प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारकर लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783254 Articles

Share this story