जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के 2000 पद होंगे, मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
- वर्तमान 526 पदों के सापेक्ष 1474 पद बढ़ाने का प्रस्ताव, अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की भी पहल
देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 पद समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
कार्मिक विभाग ने इस प्रस्ताव पर बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना सहमति दी है। इसके लिए वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन तथा भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है।
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। इस पहल का उद्देश्य वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन के साथ उनके लिए पदोन्नति के अवसरों की व्यवस्था करना भी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

