पाटी के तोली गांव में महिला सम्मेलन, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
पाटी के तोली गांव में महिला सम्मेलन, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार पर जोर


चंपावत, 01 मार्च (हि.स.)। पाटी विकासखंड के तोली गांव में आयोजित 27वें महिला सम्मेलन में ग्रामीण महिलाओं का बढ़ता आत्मविश्वास और जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने शिक्षा, स्वरोजगार और संगठन की ताकत के जरिए अपने जीवन और गांव के सामाजिक माहौल में बदलाव लाने की बात कही।

पर्यावरण संरक्षण समिति तोली के आयोजन और उत्तराखंड महिला परिषद के सहयोग से हुए इस सम्मेलन में पुनाकोट, रौलामेल, ज्योलाड़ीं, गूम, कमलेख, पाटी और भटयूंणा समेत करीब डेढ़ दर्जन गांवों की 200 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि महिला परिषद की अध्यक्ष अनुराधा पांडे ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।

सम्मेलन में वक्ताओं ने ग्राम शिक्षण केंद्रों की पहल को सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महिलाओं ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, स्वरोजगार के अवसर और प्रशिक्षण सुविधाओं की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। समिति द्वारा संचालित कंप्यूटर, सिलाई, बुनाई और कढ़ाई प्रशिक्षण से महिलाओं की आय बढ़ने के अनुभव भी साझा किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सुंदर सिंह लड़वाल ने की और संचालन आशा पगारिया ने किया। सम्मेलन का समापन खड़ी होली और पारंपरिक झोड़ा गायन के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story