सखी वन स्टॉप सेंटर में हर महीने आते हैं 60 से 70 मामले

WhatsApp Channel Join Now
सखी वन स्टॉप सेंटर में हर महीने आते हैं 60 से 70 मामले


-महिला आयोग अध्यक्ष ने 'सखी वन स्टॉप सेंटर' का किया औचक निरीक्षण

देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने आज देहरादून स्थित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के संचालन, पीड़िता महिलाओं को दी जाने वाली सहायता, विधिक एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने केंद्र में दर्ज होने वाले मामलों की प्रकृति, मासिक आंकड़े तथा उनके समाधान की स्थिति की समीक्षा की। इस संदर्भ में केंद्र प्रशासिका माया नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र में प्रतिमाह लगभग 60 से 70 मामले दर्ज होते हैं, जिनमें अधिकांश प्रकरण घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवादों से संबंधित होते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा अधिकांश मामलों का आपसी समझाइश व मध्यस्थता से निस्तारण करा दिया जाता है, जबकि शेष मामलों में विशेषज्ञों द्वारा निरंतर काउंसिलिंग सत्र संचालित किए जा रहे हैं।

महिला आयोग अध्यक्ष ने केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संकटग्रस्त महिलाओं को सुरक्षित, संवेदनशील और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने काउंसिलिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने पर बल दिया, जिससे पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान हो सके और महिलाओं को समय पर न्याय व राहत मिल सके।

इस अवसर पर केंद्र प्रशासिका माया नेगी, काउंसलर मीनाक्षी, केस वर्कर शिवांशी डबराल, आधार वर्मा सहित वन स्टॉप सेंटर की अन्य कर्मचारी उपस्थित रहीं।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story