राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण


-पीड़ित से मुलाकात कर व्यवस्थाओं और काउंसलिंग प्रक्रिया की समीक्षा की

देहरादून, 11 मई (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने सोमवार को सर्वे चौक स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में रह रहीं पीड़ित महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने निरीक्षण के दौरान सेंटर में महिलाओं के रहने की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कॉल रिकॉर्ड,काउंसलिंग विवरण और विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए लंबित मामलों की समीक्षा भी की। इस

माैके पर कुसुम कण्डवाल ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर केवल एक आश्रय स्थल नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए भरोसे और न्याय का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सेंटर प्रशासक और काउंसलर्स को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक महिला को विधिक सहायता की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। काउंसलिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका माया नेगी ने बताया कि पिछले माह 78 मामले दर्ज किए गए थे,जिनमें से कई का निस्तारण किया जा चुका है,जबकि कुछ मामले विचाराधीन हैं। वहीं एक मई से अब तक 29 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनकी काउंसलिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रशासक माया नेगी,काउंसलर मीनाक्षी पुंडीर,आईटी वर्कर कोमल भट्ट सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story