गंगोत्री धाम में भागीरथी के बीच फंसी महिला को बचाया, शक्ति नहर से महिला का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
गंगोत्री धाम में भागीरथी के बीच फंसी महिला को बचाया, शक्ति नहर से महिला का शव बरामद


देहरादून/गंगोत्री, 17 मई (हि. स.)। एसडीआरएफ ने उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री धाम में रविवार काे एक साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर भागीरथी नदी के तेज बहाव में फंसी एक महिला को सुरक्षित बचा लिया जबकि देहरादून जनपद के शक्ति नहर में 16 मई काे लापता एक महिला का शव भी बरामद किया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गंगोत्री की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित वाटर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान आरक्षी सहदेव राणा ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नदी के बीच टापू तक पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने कंधों के सहारे नदी पार कर किनारे तक पहुंचाया। बचाई गई महिला की पहचान वैशाली प्रकाश (40 वर्ष), निवासी अकोला, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद महिला और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ और उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं सेवा भावना की सराहना की। वहीं, देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र की शक्ति नहर में लापता महिला का शव सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर जिला पुलिस को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार 16 मई को पुल नंबर-01 के पास एक महिला अपने दो बच्चों के साथ शक्ति नहर में कूद गई थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि महिला तेज बहाव में लापता हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। लगातार दो दिनों तक विभिन्न संभावित स्थलों पर सघन तलाश के बाद टीम ने ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद किया।

मृतका की पहचान किरण पत्नी धीरज चंदेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम जाखन विनरहार, हाल पता मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है। शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story