मुख्यमंत्री धामी का विपक्ष पर निशाना, बोले-महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के ऐतिहासिक कदम से रोका
देहरादून, 19 अप्रैल (हि. स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्ष पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को मुख्यधारा में लाने वाले इस ऐतिहासिक कदम को विपक्ष ने बाधित करने का प्रयास किया। इस विधेयक का उद्देश्य देश की आधी आबादी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना था।
मुख्यमंत्री धामी रविवार को यहां बलबीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक युगांतकारी पहल है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर का मजाक बनाया और प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया। विपक्ष ने नीतिगत समर्थन के बजाय राजनीतिक दृष्टिकोण अपनाया और महिलाओं के हितों से अधिक दलगत हितों को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से सभी शंकाओं का समाधान किए जाने के बावजूद विपक्ष ने विवाद खड़ा किया। साथ ही कुछ दलों ने धर्म आधारित आरक्षण की बात उठाकर मुद्दे को भटकाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह कानून आगामी 2029 के आम लोकसभा चुनाव तक लागू करने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट मत हमेशा से नारी शक्ति को मुख्यधारा में लाने का रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने कई मौकों पर महत्वपूर्ण निर्णयों का विरोध किया। तीन तलाक, सीएए जैसे विषयों पर भी कांग्रेस का रुख राजनीतिक अधिक और नीतिगत कम रहा है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महिलाओं के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में नेतृत्व करते हुए विकास को गति दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है और समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस माैके पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूचि भट्ट ने कहा कि विपक्ष ने इस स्वर्णिम अवसर को 'काला दिन' बनाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 33 प्रतिशत आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों का अपमान किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा सड़कों पर उतरकर जनता को सच्चाई बताएगी और नारी सशक्तिकरण के पक्ष में अभियान चलाएगा।
पत्रकार वार्ता के दाैरान विधायक सावित कपूर, दर्जाधारी विनोद उनियाल, मधु भट्ट और स्वराज विद्वान, डॉ दिव्या नेगी और डॉ हिमानी वैष्णव सहित अन्य कई नेतागण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

