महिला को हेलीकॉप्टर से किया एयरलिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 11 नवंबर (हि.स.)। गंभीर हृदय संबंधी समस्या से जूझ रही महिला को बुधवार को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश एयरलिफ्ट किया गया। सड़क मार्ग से हायर सेंटर ले जाते समय तबीयत बिगड़ने पर महिला को वापस पौड़ी लाया गया था। यहां उत्तरा केयर हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने उपचार देकर उनकी स्थिति स्थिर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, सुलोचना नाम की महिला को बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हार्ट अटैक के लक्षणों के चलते जिला चिकित्सालय पौड़ी लाया गया था। जांच में हृदय संबंधी गंभीर समस्या सामने आने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद उत्तरा केयर हॉस्पिटल की एंबुलेंस से उन्हें ऋषिकेश ले जाया जा रहा था। इसी दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप अचानक उनका रक्तचाप कम होने लगा और सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति गंभीर होने पर एंबुलेंस को वापस पौड़ी लाया गया।

महिला को उत्तरा केयर हॉस्पिटल में भर्ती कर ऑक्सीजन सपोर्ट और आवश्यक दवाइयां दी गईं। चिकित्सकीय टीम ने लगातार निगरानी कर उनकी स्थिति स्थिर की। सड़क मार्ग से ऋषिकेश पहुंचने में लगने वाले समय और महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। आवश्यक समन्वय के बाद महिला को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उन्हें आगे का उपचार दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story