वन्य जीव सप्ताह का समापन, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। वन विभाग की ओर से आयोजित वन्य जीव सप्ताह का गुरुवार को हिल बाईपास स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में समापन हुआ। इस दौरान वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई थी, जिसमें कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से 10 तक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से हाथी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण, गंगा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को उकेरा। कई चित्रों में वन्य जीव संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन्य जीव सप्ताह के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता के अलावा जागरूकता रैली, विद्यार्थियों का संरक्षित वनों का भ्रमण और वन विभाग की कार्यप्रणाली से परिचय कराने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीवों की सुरक्षा और उनके व्यवहार को समझना जरूरी है। अभियान में बच्चों की भागीदारी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।
मुख्य अतिथि पार्षद सचिन कुमार और निशा नौडियाल ने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की जरूरत है। ग्रीनमैन विजय पाल बघेल ने कहा कि वन्य जीव प्राकृतिक विरासत हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। समारोह में एसडीओ पूनम कैथोला, रेंजर शीशपाल सिंह, महेश शर्मा, विवेक जोशी सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

