अखिलेश को यूपी का सीएम बनाने के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा पर निकलीं सुमन देवी

WhatsApp Channel Join Now
अखिलेश को यूपी का सीएम बनाने के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा पर निकलीं सुमन देवी


हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने और देश में सुख-समृद्धि की कामना को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सुमन देवी कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। रविवार को ज्वालापुर जटवाड़ा पुल स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी समेत पार्टी पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने बताया कि सुमन देवी हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर इटावा तक कांवड़ यात्रा करेंगी। इटावा स्थित केदारेश्वर मंदिर में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना समाजवादी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद देश में नकारात्मक माहौल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मकता लाने और आपसी सौहार्द मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर देश का माहौल खराब करने तथा लोगों को आपस में बांटने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा और अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।इस अवसर पर युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव, डॉ. नसीर, रहीस अहमद, दीक्षिक शर्मा, आदेश उपाध्याय, महिपाल सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story