ओबीसी समाज के साथ विश्वासघात कर रही भाजपा: कंवरदीप

WhatsApp Channel Join Now
ओबीसी समाज के साथ विश्वासघात कर रही भाजपा: कंवरदीप


हरिद्वार, 04 सितंबर (हि.स.)। शिवालिक नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार को कांग्रेस ओबीसी विभाग के ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के नेतृत्व और वरिष्ठ नेता संजय सैनी के संयोजन में ओबीसी समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी कंवरदीप सैनी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

सम्मेलन में कंवरदीप सैनी ने जातिगत जनगणना के फॉर्म में ओबीसी के लिए अलग कॉलम न होने को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की मानसिकता दर्शाता है और ओबीसी समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर केंद्र को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है। जनगणना में ओबीसी की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए।,

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी खुद को ओबीसी बताते हैं, लेकिन फॉर्म में ओबीसी को स्थान न देना सवाल खड़े करता है। उन्होंने नौकरियों में ओबीसी आरक्षण का पूरा लाभ देने और रिक्त पदों को भरने की मांग की। कहा कि अनदेखी जारी रही तो ओबीसी समाज चुनावों में भाजपा का विरोध कर कांग्रेस को जिताएगा।

संचालन मनोज सैनी ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी, सोम त्यागी, अनिल चौधरी, विनोद कश्यप, नंद लाल यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story