निकाह समारोह में युवती का हंगामा, दूल्हे पर लगाए धोखा और बेवफाई के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
निकाह समारोह में युवती का हंगामा, दूल्हे पर लगाए धोखा और बेवफाई के आरोप


निकाह समारोह में युवती का हंगामा, दूल्हे पर लगाए धोखा और बेवफाई के आरोप


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। हरिद्वार जिले के रुड़की में बुधवार देर रात एक निकाह समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका अचानक बैंक्वेट हॉल में पहुंच गई और शादी समारोह के बीच जमकर हंगामा कर दिया। युवती ने दूल्हे पर धोखा देने, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और उसकी शादी तुड़वाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। अचानक हुए घटनाक्रम से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार दूल्हे को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बैंक्वेट हॉल का है, जहां कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ गांव से बारात पहुंची थी। समारोह में निकाह के बाद की रस्में चल रही थीं और दोनों परिवार खुशियों में शामिल थे। इसी दौरान भगवानपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अचानक बैंक्वेट हॉल पहुंची और सीधे दूल्हे पर आरोपों की बौछार शुरू कर दी।

युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे के साथ पिछले करीब दस वर्षों से प्रेम संबंध था। उसने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लगातार उसे अपने प्रेम जाल में फंसाए रखा। युवती के मुताबिक, एक साल पहले उसकी शादी किसी अन्य युवक से हुई थी, लेकिन कथित प्रेमी ने उसे तलाक लेने के लिए दबाव बनाया और भरोसा दिलाया कि इद्दत पूरी होने के बाद वह उसी से निकाह करेगा।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध को लेकर दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति और बातचीत भी हुई थी, जिस पर गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। लेकिन बुधवार रात उसे जानकारी मिली कि युवक किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। इसके बाद वह सीधे बैंक्वेट हॉल पहुंच गई और निकाह समारोह के बीच विरोध जताने लगी।

आरोप है कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने युवती को बैंक्वेट हॉल से बाहर निकालने की कोशिश की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख कई बाराती धीरे-धीरे समारोह स्थल से निकलने लगे। युवती के आरोपों और हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष ने लड़की की विदाई करने से साफ इनकार कर दिया।

कुछ ही देर में खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया और दूल्हे को बैरंग लौटना पड़ा। फिलहाल मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story