उत्तराखंड में बढ़ेगा पारा, मैदानी जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है तापमान

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में बढ़ेगा पारा, मैदानी जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है तापमान


देहरादून, 19 मई (हि. स.)। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार मैदानी जिलों हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में तापमान लगातार बढ़ेगा। 19 मई से हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है, जबकि 20 से 22 मई के बीच ऊधमसिंह नगर में भी पारा 40 डिग्री पार कर सकता है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रुड़की (हरिद्वार) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रानीचौरी (टिहरी गढ़वाल) में रिकॉर्ड हुआ। पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी जिलों में तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं और बढ़ती उमस के कारण लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story