उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, बर्फबारी के आसार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, बर्फबारी के आसार


देहरादून, 29 मार्च (हि. स.)। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं। रविवार सुबह से देहरादून सहित कई क्षेत्रों में आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर जारी है। मौसम में हल्की ठंडक भी महसूस की जा रही है।

माैसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय इलाकों में यह सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया। आगामी 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story