उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य, पांच जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 08 नवम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विज्ञान विभाग के आठ नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 11 और 12 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 13 और 14 नवंबर को पांच पर्वतीय जिलों में 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

आपदा और सड़क दुर्घटनाओं में 411 लोगों की मौत:

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की आठ नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, एक अप्रैल 2026 से अब तक प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं के कारण 92 लोगों की मौत हुई है, जबकि 19 लोग लापता हैं। इस अवधि में 5064 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, एक जनवरी 2026 से अब तक सड़क दुर्घटनाओं में 319 लोगों की मौत और 1211 लोग घायल हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में पांच सड़कें बंद हैं। इनमें पिथौरागढ़ जिले की चार और रुद्रप्रयाग जिले की एक सड़क शामिल है। मौसम विभाग ने आठ से 12 नवंबर तक किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story