उत्तराखंड के आठ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के आठ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के आठ पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

शनिवार को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है। विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने और तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है।

देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। यमकेश्वर में सर्वाधिक 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि गरुड़ में 4.5 मिमी और ज्योलीकोट (नैनीताल) में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चौखुटिया, कौसानी, हर्षिल, बड़कोट, गंगोलीहाट, जोशीमठ क्षेत्र समेत कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story