उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार
देहरादून, 06 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। राजधानी देहरादून में बुधवार काे आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक बादलयुक्त है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बादल विकसित हो सकते हैं और हल्की वर्षा हो सकती है।
बुधवार को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सभी पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, गरज के साथ वर्षा और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।मौसम विभाग ने विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जारी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। हालांकि, आगामी 3–4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 मई को राज्य के पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 3600 से 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। 8 मई को पहाड़ी क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 9 और 10 मई को भी केवल कुछ ऊंचाई वाले जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, शेष क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा।
11 मई को एक बार फिर मौसम सक्रिय होने के संकेत हैं। पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जारी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

