उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा


देहरादून, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं।

शनिवार को मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। वहीं देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा और गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह के समय सूर्यदेव बादलों के बीच लुकाछिपी करते नजर आए, जबकि करीब 11 बजे के आसपास चटक धूप निकल आई। बारिश और धूप के इस मिश्रण के बाद मौसम सुहावना हो गया।

आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बादल विकसित होने और बहुत हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हुई वर्षा के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना जताई है।

तापमान के आंकड़ों के अनुसार देहरादून में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। पंतनगर में 13.6 डिग्री, मुक्तेश्वर में 3.3 डिग्री तथा नई टिहरी में 2.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वर्षा के आंकड़ों के अनुसार देहरादून में 27.5 मिमी, पंतनगर में 9.2 मिमी, मुक्तेश्वर में 16.8 मिमी तथा नई टिहरी में 53.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा देवप्रयाग में 78.4 मिमी, कीर्तिनगर में 70 मिमी, नैनीताल में 52 मिमी, मसूरी में 50.6 मिमी और धनौल्टी में 48 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। स्वचालित मौसम स्टेशनों के अनुसार भरसार में सर्वाधिक 74 मिमी, यमकेश्वर में 61.5 मिमी और कोटद्वार में 56.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम के धीरे-धीरे साफ होने के साथ तापमान में वृद्धि होगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story