उत्तराखंड में दो दिन मौसम खराब रहने के आसार, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
देहरादून, 13 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 और 14 मई को राज्य के कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 मई से अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 14 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में तेज से अति तीव्र बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। विभाग ने राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं मैदानी जिलों में भी कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों पर अवरोध, निचले इलाकों में जलभराव और उड़ान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहने की अपील की है।
देहरादून में बुधवार को आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक बादलों से घिरा रहा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में थल, कनालीछीना, देवलथल और ऊखीमठ सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। आने वाले चार से पांच दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

