उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट


देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज (मंगलवार) मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए 'वॉच' चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार इन पांच जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह धूप खिली रही। हालांकि आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे। सुबह मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन उमस भी महसूस की गई। दिनभर मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित होने और बहुत हल्की से हल्की बारिश अथवा बौछार पड़ने की संभावना है। देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उखीमठ में 24.0 मिमी, धारचूला में 23.4 मिमी तथा खटीमा में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर रुकने से बचें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story