उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 96 सड़कें बंद

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 96 सड़कें बंद


उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 96 सड़कें बंद


देहरादून, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश के कारण राज्यभर में 96 सड़कें बंद हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रमुख नदियां और बैराज फिलहाल सामान्य स्तर पर हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है।

देहरादून में सोमवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और उमस का असर भी महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में एक-दो दौर की हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने लोगों को मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में धारचूला में सर्वाधिक 114 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मुनस्यारी में 31.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा कपकोट, जानकी चट्टी, भटवाड़ी, टियूनी और नैनीताल सहित कई क्षेत्रों में बारिश रिकॉर्ड की गई।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की सोमवार सुबह आठ बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार राज्य की गंगा, अलकनंदा, भागीरथी, यमुना, कोसी, रामगंगा, सरयू और गौला समेत अधिकांश प्रमुख नदियां सामान्य बहाव पर हैं तथा किसी भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर नहीं है। प्रमुख बैराज और जलाशय भी सुरक्षित स्तर पर बने हुए हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र की ओर से सोमवार सुबह 11 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के सभी 13 जिलों में कुल 96 सड़कें बंद हैं। इनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य राजमार्ग, दो अन्य जिला मार्ग, 21 मुख्य जिला मार्ग व 63 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक 21 सड़कें चमोली जिले में बंद हैं। इसके बाद पिथौरागढ़ में 16, उत्तरकाशी में 15, रुद्रप्रयाग में 14, टिहरी में 10, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में सात-सात, पौड़ी में पांच, देहरादून में चार, नैनीताल में तीन और अल्मोड़ा और चम्पावत में दो-दो सड़कें बंद हैं। हरिद्वार जिले में भी एक सड़क यातायात के लिए अवरुद्ध है।

प्रशासन ने बताया कि बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story