उत्तराखंड में आज भी बरसेंगे बादल, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में आज भी बरसेंगे बादल, लोगों को सतर्क रहने की सलाह


देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान ने कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा। कुछ समय के लिए सूर्य निकलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन आसमान में बादलों का डेरा बना रहा और मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार कुमाऊं मंडल के अधिकांश तथा गढ़वाल मंडल के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर की भी आशंका व्यक्त की गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की भी अपील की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से काफी कम तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को लक्सर में 47.5 मिमी, खानपुर में 25 मिमी, रामनगर में 24 मिमी और नई टिहरी में 9.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story