मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत के आसार, अगले दो दिनों में गिरेगा तापमान
देहरादून, 22 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से अगले दो दिनों में राहत मिलने और कई जिलों में हल्की से मध्यम एवं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार राज्य में अगले एक से दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट के बाद अगले दो से तीन दिनों में फिर 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
देहरादून में सोमवार को आंशिक से सामान्य रूप से बादल छाए हुए हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में गर्मी बनी हुई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
देहरादून केंद्र ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों के लिए आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या गर्जन के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

