उत्तराखंड के आठ जिलों में बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 09 जून (हि. स.)। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के आठ जनपदों में आज बारिश की संभावना है। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने मंगलवार को जारी अपने दैनिक मौसम बुलेटिन में बताया कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश अथवा गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य से अधिक तक रहा। अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जबकि इसके बाद अगले दो-तीन दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

राजधानी देहरादून में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कीर्तिनगर में 40 मिमी, लोहाघाट में 27.3 मिमी, जखोली में 20 मिमी तथा चम्पावत में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story