उत्तराखंड में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, छह जिलों के लिए चेतावनी
देहरादून, 31 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों सहित कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
रविवार सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। आसमान पूरी तरह बादलों से घिरा रहा, जिससे धूप नहीं निकल सकी और मौसम सुहावना बन गया। शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही। वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। विशेषकर सुबह और पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत अधिक ठंडा हो गया है।
मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी बादलों का डेरा बना हुआ है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों और हरिद्वार में हल्की से मध्यम वर्षा तथा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से अत्यंत तेज बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी तीन से चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
देहरादून में रविवार को आंशिक से सामान्य रूप से बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।पिछले 24 घंटों में नैनीताल, लोहारखेत, देहरादून, हल्द्वानी और चौखुटिया समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। नैनीताल के जियोलिकोट क्षेत्र में सर्वाधिक 83 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

