उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार, चार जिलों के लिए अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार, चार जिलों के लिए अलर्ट जारी


देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर पड़ने की भी संभावना है।

माैसम विभाग ने टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का भी अनुमान व्यक्त किया है। इन जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज वर्षा के दौर पड़ सकते हैं। हरिद्वार जिले में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आंशिक से सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के एक-दो दौर पड़ सकते हैं। कुछ स्थानों पर वर्षा तीव्र हो सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने भारी वर्षा की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने व अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story