उत्तराखंड के 8 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के 8 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह


देहरादून, 20 जून (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार को राज्य के आठ पर्वतीय और मैदानी जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश देखने को मिल सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

विभाग ने यात्रियों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम के प्रभाव को देखते हुए यात्रियों को यात्रा से पहले मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में शनिवार को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर बाद या शाम के समय कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, जिससे हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story