उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट


देहरादून,04 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में इस सप्ताह मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर बारिश,गरज-चमक और ओलावृष्टि हो सकती है,जबकि मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।

आज सुबह देहरादून जनपद की सभी तहसीलों में वर्तमान में बादलों के साथ हल्की धूप बनी हुई है और मौसम सामान्य है। आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए हुए हैं,जिससे तापमान में गिरावट के कारण हल्का ठंडापन महसूस किया जा रहा है।

सोमवार को माैसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश,गरज-चमक तथा 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

देहरादून,टिहरी,हरिद्वार,पौड़ी,नैनीताल,चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं तेज से अत्यधिक तेज बारिश,आकाशीय बिजली,ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में भारी वर्षा की भी आशंका जताई गई है,जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है।

राजधानी देहरादून में आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को भी राज्यभर में बारिश,ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का असर जारी रहेगा। 6 से 8 मई के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 9 और 10 मई को मौसम में आंशिक सुधार के संकेत हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अगले 1–2 दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट और इसके बाद 3–5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने,पेड़ों के नीचे शरण न लेने,बिजली से संबंधित वस्तुओं से दूर रहने और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story